उमरिया, तपस गुप्ता। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों से निकलकर एक रेडियो कॉलर लगा जंगली हाथी सामान्य वनमंडल के चंदिया क्षेत्र में पहुंच गया है। हाथी के धतूरा, कौड़िया और मझगवां के जंगलों में मूवमेंट की खबर मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जंगल से सटे इलाकों में हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। हालांकि अभी तक हाथी द्वारा किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
रेडियो कॉलर से लगातार ट्रैक हो रही लोकेशन
हाथी के गले में रेडियो कॉलर लगा हुआ है। इसके माध्यम से वन विभाग उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। कॉलर से मिलने वाली जानकारी के आधार पर संभावित मार्ग वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ग्रामीणों को सतर्क किया जा सके।
वन विभाग, वन विकास निगम और पुलिस अलर्ट
हाथी की गतिविधियों को देखते हुए चंदिया और उमरिया वन परिक्षेत्र के अमले को निगरानी में लगाया गया है। संभावित मूवमेंट वाले क्षेत्रों में वनकर्मियों की टीमें गश्त कर रही हैं। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की टीम भी हाथी की लोकेशन लगातार ट्रेस कर रही है। वन विकास निगम और पुलिस अमले को भी निगरानी व्यवस्था में शामिल किया गया है। जंगल से लगे गांवों और खेतों की ओर जाने वाले रास्तों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
गांव-गांव मुनादी, जंगल जाने से बचने की सलाह
वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि हाथी के संभावित मूवमेंट वाले जंगल और खेतों की ओर जाने से बचें। रात के समय विशेष सावधानी बरतें और अकेले जंगल की तरफ न जाएं।
विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और उसे भगाने की कोशिश न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।











