पटना। खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के बीच चल रहा विवाद बढ़ता जा रहा है। रौशन आनंद को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, वहीं शुक्रवार को खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज हो गया है। इसको लेकर गुरु रहमान ने बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि खान सर को भी जेल जाना चाहिए।
गुरु रहमान ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्होंने एफआईआर को ध्यान से पढ़ा है और उसमें गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें उकसाने और भीड़ को भड़काने जैसे आरोप भी शामिल हैं। उनके अनुसार, खान सर ने गार्ड से गोली चलाने की बात कही थी। उनका कहना है कि किसी भी तरह की उकसाने वाली भाषा गलत मानी जाती है। अगर किसी बयान से भीड़ प्रभावित होकर हिंसा या तोड़फोड़ करती है तो वह स्थिति गंभीर हो जाती है और कानून को अपना काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे रौशन आनंद हों या खान सर, अगर दोनों पक्षों से विवाद बढ़ा है तो मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
उन्होंने कहा, मैं खान साहब के साथ तीन महीने अच्छे मित्र की तरह रहा हूं, लेकिन मैंने उनसे बड़ा झूठा आज तक नहीं देखा। रौशन आनंद भी ऐसे ही हैं। दोनों ही झूठ बोलते हैं।"
गुरु रहमान ने कहा कि वे खुद लंबे समय से शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं और उन्होंने कई छात्रों के साथ काम किया है। बच्चों को पढ़ाई के लिए भेजा जाता है, न कि किसी विवाद या हिंसा के लिए। इसलिए अगर किसी कोचिंग या शिक्षक के नाम पर विवाद बढ़ता है तो इसका असर छात्रों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने छात्रों से इस मामले से दूर रहने के लिए कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होती है तो स्थिति और बिगड़ सकती है। उनके अनुसार प्रशासन को सख्ती से कदम उठाने चाहिए ताकि कोई भी स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी पक्ष से गलती हुई है तो कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।














