मेलबर्न। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में 65 रनों की दमदार पारी खेली। ब्रूक की इस पारी की बदौलत इंग्लैंड ने बड़ी उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है।टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि एन्यूरिन डोनाल्ड 7 गेंदों में महज 10 रन बनाकर आउट हुए। 13 के स्कोर पर 2 विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड की पारी को कप्तान हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने संभाला।
दोनों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 97 रनों की तूफानी साझेदारी जमाई। ब्रूक ने इस दौरान अपना अर्धशतक सिर्फ 20 गेंदों में पूरा किया। यह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में इंग्लैंड की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया गया सबसे तेज अर्धशतक भी है। ब्रूक ने 2018 में जोस बटलर द्वारा 22 गेंदों में लगाए गए अर्धशतक के रिकॉर्ड को तोड़ा।
28 गेंदों की अपनी पारी में ब्रूक ने 4 चौके और 6 छक्के लगाए। इंग्लैंड ने छह ओवर के पावरप्ले में 2 विकेट खोकर 74 रन बनाए। यह इंग्लैंड का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पावरप्ले में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले, 2018 में एजबेस्टन के मैदान पर इंग्लैंड ने शुरुआती छह ओवरों में 70 रन बनाए थे, जबकि 2009 में इंग्लिश टीम ने पावरप्ले में 69 रन बटोरे थे। बैंटन भी अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने 22 गेंदों में 39 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, सैम करन ने 20 गेंदों में 21 रन बनाए।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: फिल साल्ट, एन्यूरिन डोनाल्ड, हैरी ब्रूक (कप्तान), जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, विल जैक्स, सैम करन, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, आदिल रशीद और हेनरी क्रोकॉम।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: मिचेल मार्श (कप्तान), जेक फ्रेजर-मैकगर्क, सैम हार्पर (विकेटकीपर), निखिल चौधरी, टिम डेविड, लैचलान शॉ, जैक एडवर्ड्स, जोएल डेविस, बेन ड्वारशुइस, एडम जम्पा और राइली मेरेडिथ।















