मंदसौर कोतवाली में हाई वोल्टेज ड्रामा: नशे में धुत युवक ने कपड़े उतारकर पुलिस से की झूमाझटकी

Advertisement
मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर कोतवाली थाना परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पुलिस द्वारा पकड़े गए एक युवक ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। शराब के नशे में धुत इस युवक ने न केवल पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और झूमाझटकी की, बल्कि थाने के भीतर ही कपड़े उतारकर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सख्त वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त युवक नशे की हालत में मोहल्ले में हंगामा कर रहवासियों को परेशान कर रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत और सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने आई। हालांकि, थाने पहुंचते ही युवक का व्यवहार और अधिक आक्रामक हो गया। उसने कानून का भय भूलकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया और उत्पात मचाने लगा। कुछ देर के लिए थाने के भीतर स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी, जिसे पुलिस बल ने मशक्कत के बाद नियंत्रित किया।
इस पूरे ड्रामे के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में युवक की अमर्यादित हरकतें साफ नजर आ रही हैं। मामले की पुष्टि करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि युवक की हरकतों और शासकीय कार्य में बाधा डालने के चलते उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के पिछले रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।


