छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के 300 वर्ष पुराने ऐतिहासिक और सिद्ध धार्मिक स्थल हनुमान टौरिया मंदिर में कार्तिक माह के अवसर पर चल रहे एक माह के अखंड श्रीराम धुन संकीर्तन की मंगलवार को पूर्णाहुति हुई। संकीर्तन के समापन और कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में 39वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक महाआयोजन में छतरपुर जिले सहित पूरे बुंदेलखंड के दूर-दराज के क्षेत्रों से 50 से 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने और दर्शन कर प्रसादी ग्रहण करने की संभावना है।
38 वर्षों से अनवरत जारी है परंपरा
रावतन ट्रस्ट और हनुमान टौरिया समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां पिछले पांच दिनों से चल रही थीं। मंदिर के पुजारी राजू महाराज ने बताया कि बुंदेलखंड केसरी महाराजा छत्रसाल के समय निर्मित इस प्राचीन मंदिर में पिछले 38 वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा पर भंडारे की यह परंपरा अनवरत चली आ रही है। कार्तिक माह की शुरुआत के साथ ही मंदिर में 24 घंटे अखंड रामधुन शुरू हो जाती है, जो पूरे एक महीने तक चलती है। आयोजन को सफल बनाने के लिए 100 से अधिक सेवादार और कार्यकर्ता दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
शुद्ध घी से तैयार हो रहा महाप्रसाद
ट्रस्ट से जुड़े नीरज भार्गव ने जानकारी दी कि अखंड रामधुन संकीर्तन का समापन पूर्णाहुति यज्ञ के साथ किया गया है। भंडारे में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट की ओर से प्रसादी के रूप में हलुआ, पूड़ी और सब्जी की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर की परंपरा के अनुसार संपूर्ण प्रसादी का निर्माण शुद्ध घी से किया जा रहा है। कार्तिक स्नान और विशेष पूजन के साथ कार्तिक माह का समापन होगा, जिसे लेकर पूरे शहर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।















