भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आज से विधायकों का तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। 'एक राष्ट्र, एक एप्लीकेशन' की अवधारणा के तहत आयोजित इस ई-विधानसभा ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्घाटन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे।

30 अक्टूबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी विधायकों को 'नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन' (नेवा) में दक्ष और पारंगत बनाना है। इस दौरान विधायकों को 'नेवा' एप्लीकेशन के व्यावहारिक उपयोग, डिजिटल विधायी प्रक्रियाओं, ऑनलाइन प्रश्न-उत्तर प्रणाली और सदन की संपूर्ण डिजिटल कार्यप्रणाली से बारीकी से परिचित कराया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी विधायकों को पांच अलग-अलग बैचों में विभाजित कर एक विशेष रूपरेखा तैयार की गई है। प्रत्येक बैच में लगभग 50 विधायकों को शामिल किया गया है, ताकि हर जनप्रतिनिधि को डिजिटल तकनीकों को समझने और सीखने का व्यक्तिगत अवसर मिल सके। इस पहल के माध्यम से मध्यप्रदेश विधानसभा आने वाले समय में पूरी तरह तकनीक-संचालित और कागज-रहित विधायी कामकाज की ओर अग्रसर होगी।