बेंगलुरु, 24 अप्रैल । आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (जीटी) की भिड़ंत शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ हो रही है। एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 205 रन लगाए।आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। जीटी की शुरुआत कमाल की रही और शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने मिलकर 12.4 ओवर में 128 रन जोड़े। गिल एंकर की भूमिका निभाते हुए नजर आए, तो साई सुदर्शन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। गिल 24 गेंदों में 32 रन बनाने के बाद सुयश शर्मा का शिकार बने।
हालांकि, सुदर्शन ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 57 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। सुदर्शन ने 172 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 58 गेंदों में 100 रनों की लाजवाब पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे जोस बटलर ने 16 गेंदों का सामना करते हुए 25 रनों का योगदान दिया।
वॉशिंगटन सुंदर 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, जेसन होल्डर ने अंतिम ओवरों में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 10 गेंदों में 230 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 23 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने एक चौका और 2 छक्के लगाए। गेंदबाजी में आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
रजत पाटीदार की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इस मुकाबले में विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा औैर रसिख सलाम के साथ खेल रही है।
गुजरात टाइटंस शुभमन गिल की अगुवाई में इस मुकाबले में साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मानव सुथार, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज के साथ मैदान पर उतरी है।

