इंदौर, शुभम अग्रवाल । पितृ पर्वत पर अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा मध्यप्रदेश प्रदेश कार्यकारिणी एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में 21 बार सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में इंदौर सहित देवास, सांवेर, उज्जैन और धार जिले से पहुंचे 700 से अधिक समाजबंधुओं एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रदेश अध्यक्ष प्रभुदयाल बरनेला ने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा लिए गए एक लाख हनुमान चालीसा पाठ के संकल्प में जांगिड़ ब्राह्मण समाज ने भी सहभागिता दर्ज कराते हुए सामूहिक रूप से 21 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान समाजबंधुओं और मातृशक्ति ने धार्मिक एकता, सामाजिक समरसता तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ महिला प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रदेश अध्यक्ष प्रभुदयाल बरनेला, महामंत्री अनिल शर्मा, प्रदेश प्रभारी रतन लाडवा, जिला अध्यक्ष योगेश शर्मा, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष माया शर्मा एवं श्रीमती संगीता शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आयोजन की सफलता और उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए सभी पदाधिकारियों, समाजबंधुओं तथा विशेष रूप से विभिन्न जिलों से पहुंची मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया गया।














