सतना, अंबिका केशरी। चित्रकूट थाना क्षेत्र में एक युवक को बिजली के खंभे से बांधकर मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना अशोक होटल के सामने बीती रात की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में एक महिला और उसके साथ मौजूद कुछ लोग युवक को खंभे से बांधकर उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। घटना सार्वजनिक स्थान पर होने के बावजूद मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
चित्रकूट एसडीओपी के.एन. बंजारे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित महिला क्षेत्र में चाय-पान की दुकान संचालित करती है। महिला का आरोप है कि उसकी दुकान से मोबाइल फोन चोरी हुआ था। इसी संदेह के आधार पर युवक को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई।
एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर चोरी या अन्य अपराध का संदेह हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही वायरल वीडियो की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।




