सतना, अंबिका केशरी। मध्य प्रदेश के सतना में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सतना नदी के पास संचालित एक कंपोजिट शराब दुकान को सील कर दिया है। यह कार्रवाई ‘लोकेशन ऑफ शॉप’ नियमों के उल्लंघन के चलते की गई। आबकारी अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित दुकान अपने स्वीकृत स्थान से हटकर संचालित की जा रही थी, जो नियमों के खिलाफ है। विभाग द्वारा पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और समय सीमा समाप्त होने के बाद कलेक्टर के आदेश पर दुकान को सील कर दिया गया। साथ ही, इसे मूल आवंटित स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विभाग का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमों और पारदर्शिता के तहत की गई है। वहीं दूसरी ओर, दुकान संचालक भारत भूषण तिवारी ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा बताया है। उनका आरोप है कि आबकारी विभाग ने कथित ‘शराब सिंडिकेट’ के दबाव में यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में भाग लेकर वैध रूप से दुकान संचालित की थी और उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा मौका नहीं दिया गया। ठेकेदार ने आशंका जताई है कि दुकान बंद होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा और राजस्व भुगतान भी प्रभावित हो सकता है। साथ ही उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की बात कही है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति है और मामला अब प्रशासनिक व कानूनी विवाद का रूप लेता नजर आ रहा है।

