नई दिल्‍ली, 26 नवंबर । दिल्‍ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कांग्रेस की संविधान दिवस रैलियों पर जमकर निशाना साधा। उन्‍होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "शायद कांग्रेसी 1975 की इमरजेंसी और इंदिरा गांधी को याद करने के लिए 'संविधान बचाओ दिवस' मना रहे हैं, जिन्होंने संविधान के परखच्चे उड़ा दिए थे। जब हाईकोर्ट ने एक ऐसी सरकार के खिलाफ आदेश दिया जो धांधली करके सत्ता में आई थी, तो उस अदालती आदेश को पलटने के लिए संविधान को ही ताक पर रख दिया गया। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कोई भी संविधान यह नहीं कहता कि किसी धार्मिक स्थल पर तोपों और टैंकों से हमला किया जाना चाहिए। जिस संविधान के एक पन्ने पर गुरु गोबिंद सिंह जी की तस्वीर है, वही संविधान इस बात का भी गवाह है कि इसी कांग्रेस ने उन पवित्र स्थलों पर तोपों और टैंकों से हमला किया था।"

भाजपा नेता ने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने मनमोहन सिंह कैबिनेट के पर्चे को राहुल गांधी ने संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए फाड़कर फेंक दिया था। कांग्रेस वह पार्टी है जिसने संविधान के रचयिता डॉ. भीमराव अंबेडर को चुनाव में उनके खिलाफ जाकर हराने का काम किया है। अंबेडकर को अपशब्‍द कहा गया, आज कांग्रेस संविधान की सुरक्षा की बात कर रही है। यह ठीक वैसा ही काम है जैसे डाकुओं को थाने की रक्षा का काम सौंप दिया जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान दिवस पर अपने संबोधन में कहा है कि देश की बड़ी विपक्षी पार्टी ओबीसी के अधिकारों को डायवर्ट करके मुसलमानों को देना चाहती है। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पीएम की बातों का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें सच्‍चाई है, शक की कोई वजह नहीं है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने वहां की जनता के अधिकार बांग्‍लादेशियों को देना शुरू कर दिया था। उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक रहे मुलायम सिंह यादव ने पहले ही कहा था कि मुल्‍ला मुलायम हूं। इन लोगों को संविधान की बात करने से पहले शर्म आनी चाहिए।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के उस बयान पर टिप्पणी की जिसमें मुसलमानों से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद का समर्थन करने की अपील की गई थी। सिरसा ने कहा कि ओवैसी की पार्टी का काम ही मुसलमानों के अधिकारों के लिए लड़ना है। संवैधानिक तौर पर चुनाव आयोग ने इस पार्टी को चुनाव चिह्न कैसे दे दिया।

पंजाब चुनावों को लेकर अरविंद केजरीवाल के बयान पर मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा कहते हैं, "अरविंद केजरीवाल अपनी पार्टी की तरफ से कोई कल्याणकारी योजनाएं नहीं दे रहे हैं। इन योजनाओं के लिए पंजाब सरकार के खजाने से पैसा दिया जा रहा है। ये योजनाएं जैसी चल रही हैं, वैसी ही चलती रहेंगी। अरविंद केजरीवाल की लूट खत्म हो जाएगी, ठीक वैसे ही जैसे दिल्ली में खत्म हुई थी। अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाए गए 'शीश महलों' का सच सामने आएगा। उन्होंने रेत खनन (सैंड माइनिंग) के जरिए पैसा लूटा है और इसका पूरा ब्योरा सामने आएगा। आरोप हैं कि अरविंद केजरीवाल ने ड्रग तस्करों से पैसे लिए हैं और इसी वजह से वहां ड्रग तस्करों का दबदबा कायम हो गया है। उन्हें इसका जवाब देना होगा।"

उन्‍होंने कहा कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को पंजाब से सरकार जाने को डर नहीं, बल्कि जेल जाने का डर सता रहा है।