भोपाल। देश की राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस नेताओं ने विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को जहां पुलिस ने हिरासत में लिया वहीं कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। विधायकों का धरना देर रात तक जारी है। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के करीब विरोध प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेसजन राजभवन का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पटवारी सहित अन्य नेताओं को हिरासत में लेने की कोशिश की, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर जोर आजमाइश चली आखिरकार पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया।
वहीं, दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और कांग्रेस विधायकों का विधानसभा में मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई बर्बरता के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी और उनके साथ कथित तौर पर की गई अभद्रता भाजपा सरकार की तानाशाही का शर्मनाक चेहरा है।
दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा तक हम छात्रों के सम्मान और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं। विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर कांग्रेस विधायक दल के साथ दिया जा रहा है।
सत्य की आवाज को न घसीटा जा सकता है, न गिरफ्तार किया जा सकता है। लोकतंत्र की इस लड़ाई में हम पीछे नहीं हटेंगे। नेता प्रतिपक्ष का आरोप है कि भाजपा के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा में छात्रों को 'कॉक्रोच' कहकर छात्रों के मुद्दे पर चर्चा से इनकार किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस विधायकों को धमकाने पहुंच गए।मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को छात्रों से माफी मांगनी होगी।




