चेरापूंजी, 29 अप्रैल । भारत के कोने-कोने में प्रकृति की खूबसूरती कई रंगों में बिखरी हुई है, जो न केवल आंखों को सुकून बल्कि मन को भी शांति देती है और हैरत में भी डाल देती है। ऐसी ही जगह है मेघालय की हरी-भरी पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच स्थित 'सेवन सिस्टर्स फॉल्स', जो प्रकृति की अदम्य शक्ति और अपार सुंदरता का एक शानदार नजारा पेश करता है।
सेवन सिस्टर्स फॉल्स को नोहसंगिथियांग फॉल्स के नाम से भी जाना जाता है। यह जलप्रपात मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले में चेरापूंजी (सोहरा) के पास मावसमाई गांव के निकट स्थित है। यह सात अलग-अलग जलधाराओं में 315 मीटर (लगभग 1,033 फीट) की ऊंचाई से नीचे गिरता है, जो इसे भारत के सबसे ऊंचे झरनों में से एक बनाता है।
मेघालय अपनी मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्राकृतिक सुंदरता के लिए विश्व प्रसिद्ध है। यहां भारी बारिश के कारण कई शानदार झरने बनते हैं, लेकिन सेवन सिस्टर्स फॉल्स अपनी अनोखी सात धाराओं के कारण सबसे अलग और आकर्षक है। जब मानसून में पानी का बहाव बढ़ता है, तो यह झरना पूरी शक्ति के साथ नीचे गिरता है। गिरते पानी की ताकत से उठने वाली बारीक फुहारों पर सूरज की रोशनी पड़ने से इंद्रधनुष बन जाता है, जो पूरे दृश्य को और भी जादुई बना देता है।
मेघालय के इस खूबसूरत झरने के नाम 'सेवन सिस्टर्स' के पीछे भी एक स्थानीय लोककथा है। इसके अनुसार, सात बहनों को एक ही युवक ने शादी का प्रस्ताव दिया था। ईर्ष्या और दुख से भरकर वे सातों बहनें चट्टान से कूद पड़ीं और सात जलधाराओं में बदल गईं। आज भी जब झरने को देखें तो मानो धुंध और पानी की गड़गड़ाहट इस दुखद कहानी की तस्दीक करती है।
यह झरना न सिर्फ अपनी ऊंचाई और सौंदर्य के लिए मशहूर है, बल्कि चट्टानों पर पानी के निरंतर कटाव का भी जीवंत प्रमाण है। सेवन सिस्टर्स फॉल्स तक पहुंचने के लिए घने जंगल से होकर एक छोटा ट्रेक करना पड़ता है। यह ट्रेक थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन रास्ते में ठंडी हवा, पेड़ों की सरसराहट और मेघालय की प्राकृतिक छटा मन को शांति प्रदान करती है। ट्रेकिंग के अलावा यहां जिप-लाइनिंग का रोमांच भी उपलब्ध है।
मानसून (जून से सितंबर) में झरना अपने पूरे जोर पर होता है। पानी का बहाव इतना तेज होता है कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई देती है। अक्टूबर से मई के मौसम में धाराएं शांत और सुंदर पैटर्न बनाती हुई गिरती हैं, जिससे झरने की बारीकियां ज्यादा साफ दिखती हैं।
मेघालय न सिर्फ झरनों के लिए, बल्कि लिविंग रूट ब्रिजेस (जीवित जड़ों के पुलों) के लिए भी प्रसिद्ध है। इनमें नोंग्रियात का डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज सबसे मशहूर है।
सेवन सिस्टर्स फॉल्स के लिए निकटतम शिलांग एयरपोर्ट है। वहीं, अन्य प्रमुख एयरपोर्ट में गुवाहाटी का गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट है।

















