पटना। बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से विशेष बातचीत में पश्चिम बंगाल में मदरसों के सर्वेक्षण, युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के भारतीय टीम में चयन, खान सर के कोचिंग संस्थान की जांच और आरजेडी नेताओं की सुरक्षा में बदलाव सहित कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।पश्चिम बंगाल में मदरसों के सर्वेक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सरकार को समय-समय पर ऐसे संस्थानों की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी ऐसे संस्थान को, जिसे शिक्षा के लिए मान्यता प्राप्त है, यदि वहां उचित ढंग से पढ़ाई नहीं हो रही है, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल रही है या अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, तो सरकार को समय-समय पर उसकी जांच करानी चाहिए।
बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के भारतीय टीम में चयन पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा, "वैभव सूर्यवंशी को बहुत-बहुत बधाई। 15 वर्ष की उम्र में भारतीय टीम में स्थान मिलने से बिहार का गौरव बढ़ा है। हम उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं कि वह बिहार, देश और अपने परिवार का नाम रोशन करें।"
शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान की जांच के संबंध में मंत्री ने कहा कि प्रशासन कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों के अनुसार कार्रवाई कर रही है और प्रशासन भी कानून के मुताबिक अपना काम करेगा।
आरजेडी नेताओं की सुरक्षा में बदलाव को लेकर मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए प्रत्येक राज्य में एक सुरक्षा समिति गठित होती है। उन्होंने कहा कि इस समिति का कार्य समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करना और यह तय करना होता है कि किस व्यक्ति को कितनी सुरक्षा की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगता है कि उसे खतरा है और अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत है, तो वह आवेदन दे सकता है। नियमानुसार उसकी मांग पर विचार किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि सुरक्षा किसी के लिए स्थायी नहीं होती और न ही किसी की सुरक्षा हमेशा के लिए हटाई जाती है। समय-समय पर समीक्षा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाता है।














