इंदौर, रविकान्त वर्मा। इंदौर से एक बेहद संवेदनशील और दुखद मामला सामने आया है, जहां पति-पत्नी के बीच छोटे से विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। द्वारकापुरी क्षेत्र में रहने वाले 35 वर्षीय नितेश ने सिर्फ नए कमरे की पसंद को लेकर हुए मतभेद के बाद जहर खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक नितेश प्रजापति नगर का निवासी था और पीथमपुर की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। काम की जगह बदलने के कारण परिवार को नया घर लेना था। नितेश ने एक कमरा पसंद किया था, जबकि उसकी पत्नी नंदनी ने किसी अन्य जगह का कमरा देखा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।


बताया जा रहा है कि यह विवाद इतना बढ़ गया कि नितेश ने आवेश में आकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नितेश के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और अब उसके पीछे पत्नी और 2 साल की मासूम बेटी रह गई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना रिश्तों में संवाद और समझदारी की अहमियत को एक बार फिर उजागर करती है।