छतरपुर, संदीप यादव। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मजदूरी के भुगतान को लेकर शिकायत करने वाले एक युवक के साथ बस स्टैंड पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, गुलगंज थाना क्षेत्र के देवपुर निवासी कमलेश अहिरवार (28), पिता कमतुआ अहिरवार अपनी पत्नी के साथ सागर रोड स्थित एक कॉलोनी में करीब दो महीने से मजदूरी का काम कर रहा था। कमलेश के अनुसार ठेकेदार पर उसकी 6,600 रुपये की मजदूरी बकाया थी। पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर उसने सिविल लाइन थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की थी।
शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी द्वारा दो दिन पहले थाने में ही कमलेश को मजदूरी की रकम दिलाई गई थी। इसके अगले दिन कमलेश दिल्ली जाने के लिए बस स्टैंड पहुंचा था। इसी दौरान वह बाथरूम करने के लिए गया, जहां आरोप है कि बाल कृष्ण कुशवाहा और राहुल कुशवाहा ने उसके साथ मारपीट कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल कमलेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मारपीट के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।




