सतना, सजल कुमार रजक। नगर निगम की पेयजल व्यवस्था को लेकर पार्षदों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शहर में घटिया और आधी-अधूरी जलापूर्ति का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को नगर निगम के 15 से अधिक पार्षदों ने फिल्टर प्लांट में धरना शुरू कर दिया। खास बात यह रही कि धरने में सत्ता दल के कई पार्षद भी शामिल हुए।


पार्षदों का आरोप है कि शहर के कई वार्डों में लोगों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं मिल पा रहा है। कई इलाकों में जलापूर्ति अनियमित बनी हुई है, जबकि जिन क्षेत्रों में पानी पहुंच रहा है, वहां भी उसकी गुणवत्ता को लेकर लोगों की शिकायतें सामने आ रही हैं।


पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन से पेयजल व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की है। उनका कहना है कि सभी वार्डों में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा पेयजल की गुणवत्ता की भी निगरानी की जाए।


फिल्टर प्लांट में पार्षदों के धरने के बाद नगर निगम प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई है। पार्षदों के विरोध के चलते अब पेयजल व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन पर जल्द ठोस कदम उठाने का दबाव बढ़ गया है।