छतरपुर, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में इन दिनों देशभर से श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि पहुंचकर बागेश्वर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में बुंदेलखंड की बुंदेली संस्कृति को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले पूर्व विधायक शंकर प्रताप सिंह बुंदेला (मुन्ना राजा) ने बागेश्वर बालाजी भगवान के दर्शन कर पूज्य सरकार से भेंट की तथा ग्राम बसारी में आयोजित होने वाली भगवान श्री सत्यनारायण कथा के लिए सादर आमंत्रण प्रदान किया।
इस अवसर पर मुन्ना राजा ने कहा कि बुंदेली संस्कृति, लोककला और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए धार्मिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बागेश्वर महाराज से आग्रह किया कि ग्राम बसारी की पावन धरा पर कथा के माध्यम से धर्म, संस्कृति और लोकपरंपराओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।
वहीं उत्तर प्रदेश के कुंडा से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक राजा भैया तथा विधान परिषद सदस्य अक्षय प्रताप सिंह भी बागेश्वर धाम पहुंचे। उन्होंने बागेश्वर महाराज से भेंट कर कुंडा में आयोजित होने वाले भव्य श्रीराम कथा महोत्सव के लिए सादर निमंत्रण दिया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोनों ही अवसरों पर सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। बागेश्वर धाम में हुई इन महत्वपूर्ण मुलाकातों को धर्म एवं संस्कृति के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ेगी और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

