छिंदवाड़ा (जीशान अंसारी)। इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता, इस मशहूर मुहावरे को साकार कर दिखाया है छिंदवाड़ा के बुलन्द दरवाजा कमेटी नूरी मस्जिद के मुस्लिम नौजवानों ने। रमजान शरीफ के पवित्र अवसर पर इन युवाओं ने सर्वधर्म समभाव की भावना से एक अनोखी पहल की है। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों के लिए नि:शुल्क बॉडी फ्रीजर सेवा शुरू कर दी है।


करीब 1 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया यह बॉडी फ्रीजर जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। सेवा का मुख्य उद्देश्य है कि किसी भी परिवार को अपने प्रियजन के निधन के कठिन समय में आर्थिक बोझ न उठाना पड़े और वे अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरी श्रद्धा व शांति से निभा सकें। यह सुविधा शव को घर या अन्य स्थान पर अंतिम संस्कार तक सुरक्षित रूप से संरक्षित रखने में मदद करेगी।


खास बात यह है कि बॉडी फ्रीजर का आजीवन मेंटेनेंस भी पूरी तरह से कमेटी द्वारा ही किया जाएगा, जिससे परिवारों को किसी अतिरिक्त खर्च की चिंता नहीं रहेगी। कमेटी के युवाओं का स्पष्ट कहना है कि उनका मकसद केवल मानव सेवा करना है तथा समाज में भाईचारे, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश फैलाना है। कमेटी समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा कार्य भी करती रहती है।


स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की जमकर सराहना की है और इसे इंसानियत, सेवा एवं सामाजिक सद्भाव की जीती-जागती मिसाल बताया है।


सेवा का लाभ लेने के लिए संपर्क करें :

9827364713

9516215917

8956290350

6263295472