छतरपुर, विनोद मिश्रा। मातगुवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ढड़ारी रेलवे ब्रिज के समीप शनिवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर एक प्रॉपर्टी डीलर का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छतरपुर निवासी 40 वर्षीय संतोष पाठक के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ललितपुर-खजुराहो मेमो ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है।
जानकारी के मुताबिक संतोष पाठक शनिवार दोपहर करीब 2 बजे रेलवे ब्रिज के आसपास देखे गए थे। इसके बाद करीब 3 बजे वहां से गुजर रही मेमो ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि शव के अंग करीब 150 मीटर तक रेलवे ट्रैक पर बिखरे मिले। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया। घटनास्थल से मृतक की स्कूटी, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड एवं जमीन संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए।
मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

