नई दिल्ली। एनडीटीवी ने मंगलवार को अपने इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के बड़े विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि उसका वैश्विक न्यूज चैनल एनडीटीवी वर्ल्ड अब बोटिम (बीओटीआईएम), जो मध्य पूर्व के प्रमुख कम्युनिकेशन और सर्विस सुपर-ऐप्स में से एक है, पर उपलब्ध होगा। कंपनी ने यह विस्तार अपने विशेष मनोरंजन साझेदार एंटयेन के सहयोग से किया है।कंपनी के एक बयान के अनुसार, बोटिम पर लॉन्चिंग के साथ-साथ एनडीटीवी वर्ल्ड की पहुंच टीसीएल के कनेक्टेड टीवी इकोसिस्टम में भी बढ़ाई गई है, जो भारत, मध्य पूर्व एवं उत्तरी अफ्रीका (एमईएनए) और एशिया-प्रशांत (एपीएसी) क्षेत्र के दर्शकों को कवर करेगा।
एनडीटीवी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत का प्रभाव पहले से कहीं अधिक बढ़ा है और भारतीय पत्रकारिता की पहुंच भी उसी स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीटीवी वर्ल्ड इस विश्वास पर आधारित है कि भारत की आवाज वैश्विक विमर्श में और मजबूत होनी चाहिए तथा दुनिया को भारत को बेहतर तरीके से समझने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, "बोटिम और टीसीएल पर हमारा विस्तार इसी दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम चाहते हैं कि एनडीटीवी वहां मौजूद रहे जहां दुनिया देख रही है, ताकि विश्वसनीय पत्रकारिता, भारतीय दृष्टिकोण और वैश्विक परिप्रेक्ष्य दर्शकों तक पहुंचे।"
इस लॉन्च के साथ एनडीटीवी वर्ल्ड बोटिम पर उपलब्ध होने वाला पहला भारतीय न्यूज चैनल बन गया है। इसे अंतरराष्ट्रीय विस्तार रणनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
बोटिम पर लॉन्च के तहत विशेष एनडीटीवी वर्ल्ड यूएई फीड भी शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य खाड़ी क्षेत्र में रहने वाले बड़े भारतीय प्रवासी समुदाय को समाचार और विश्लेषण उपलब्ध कराना है, साथ ही अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भारतीय दृष्टिकोण को व्यापक वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है।
कंपनी के अनुसार, बोटिम के इकोसिस्टम में 15 करोड़ से अधिक यूजर्स हैं और इसकी मजबूत उपस्थिति मध्य पूर्व, दक्षिण एशिया और अफ्रीका के कई देशों में है। वहीं इसके विशेष मनोरंजन साझेदार एंटयेन का संचालन खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी), दक्षिण एशिया और अफ्रीका के नौ बाजारों में है तथा इसका यूजर बेस 2.1 करोड़ से अधिक है।
वहीं, एनडीटीवी के वाइस प्रेसिडेंट (डिस्ट्रीब्यूशन) आशुतोष सिन्हा ने कहा कि न्यूज डिस्ट्रीब्यूशन का भविष्य उन्हीं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में है जहां दर्शक पहले से मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि एंटयेन के माध्यम से बोटिम पर लॉन्च होने वाला पहला भारतीय समाचार चैनल बनने से एनडीटीवी को महत्वपूर्ण अग्रणी लाभ मिला है, विशेष रूप से ऐसे क्षेत्र में जहां भारतीय प्रवासी समुदाय की बड़ी उपस्थिति है।
इस विस्तार के साथ एनडीटीवी की टीसीएल के साथ साझेदारी भी मजबूत हुई है। भारत में टीसीएल कनेक्टेड टीवी प्लेटफॉर्म के माध्यम से एनडीटीवी को लगभग 53 लाख कनेक्टेड टीवी और 36 लाख मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं तक पहुंच प्राप्त है।
कंपनी ने बताया कि अब इस साझेदारी को एमईएनए और एपीएसी क्षेत्रों तक विस्तारित कर दिया गया है, जिससे वैश्विक कनेक्टेड टीवी वितरण नेटवर्क और मजबूत होगा।
एनडीटीवी इंटरनेशनल के बिजनेस हेड विशाल श्रीवास्तव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय समाचारों की संभावनाएं केवल प्रवासी भारतीयों तक सीमित नहीं हैं। दुनिया भर में भारत की अर्थव्यवस्था, भू-राजनीतिक महत्व, कारोबार और बदलती वैश्विक भूमिका को लेकर रुचि तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि एनडीटीवी वर्ल्ड इस बढ़ती मांग को भारतीय दृष्टिकोण के साथ पूरा करने की विशिष्ट स्थिति में है।















