मुकुंदपुर जू में अब विदेशी पक्षियों का कलरव, डिप्टी सीएम ने वॉक-इन एवियारी का किया लोकार्पण

Advertisement
एनसीएल के सहयोग से आए रंग-बिरंगे मैकॉ और अफ्रीकन ग्रे पैरट; पर्यटन को लगेंगे नए पंख
मैहर/मुकुंदपुर। मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को मैहर जिले के मुकुंदपुर स्थित 'महाराजा मार्तंड सिंह जू देव व्हाइट टाइगर सफारी' का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिड़ियाघर के नवनिर्मित अत्याधुनिक वॉक-इन एवियारी में विदेशी प्रजातियों के पक्षियों को विधिवत रूप से मुक्त किया। अब पर्यटक यहाँ बाघों की दहाड़ के साथ-साथ दुनिया के दुर्लभ पक्षियों की खूबसूरती का दीदार भी कर सकेंगे।
जैव विविधता को मिला नया आयाम
सिंगरौली स्थित नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत इन विदेशी पक्षियों की उपलब्धता सुनिश्चित की है। जू प्रशासन ने इन पक्षियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक विशाल पारदर्शी एवियारी तैयार की है, जिसमें प्राकृतिक हरियाली और सुरक्षित आवास का विशेष ध्यान रखा गया है।
एवियारी के नए सदस्य:
मैकॉ परिवार: रेड स्कारलेट, ग्रीन-विंग्ड, ब्लू एंड गोल्ड और हैनस मैकॉ।
दुर्लभ प्रजातियां: सल्फर-क्रेस्टेड कॉकाटू, अफ्रीकन ग्रे पैरट और ग्रैंड इलेक्टस।
छोटे आकर्षक पक्षी: सन कोन्योर, कॉकटील्स और लव बर्ड्स।
संरक्षण और पर्यटन पर जोर
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने जू की सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा, "विदेशी पक्षियों के आने से मुकुंदपुर जू अब इको-टूरिज्म का एक बड़ा केंद्र बनेगा, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।" उन्होंने विशेषज्ञों की टीम को पक्षियों के स्वास्थ्य और अनुकूलन पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीसीएफ राजेश राय और डीएफओ विद्या भूषण मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हरिहरपुर में देखा प्राकृतिक खेती का दम
मुकुंदपुर के भ्रमण के पश्चात उप मुख्यमंत्री रीवा जिले के हरिहरपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने प्राकृतिक खेती के सफल मॉडल का अवलोकन किया और किसानों से संवाद किया। श्री शुक्ल ने रासायनिक मुक्त खेती पर जोर देते हुए कहा कि जैविक उत्पादों की मांग भविष्य की जरूरत है और इसे प्रदेश में जन-आंदोलन बनाया जाएगा।
