छतरपुर, विनोद मिश्रा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बागेश्वर धाम में श्रद्धा और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में बहनें बागेश्वर धाम पहुंचीं और पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। बागेश्वर धाम पर दो दिवसीय राखी पर्व का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ब्रह्माकुमारी आश्रम की बहनों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
राखी बांधने के दौरान कई बहनें भावुक नजर आईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। श्रद्धालुओं में बागेश्वर सरकार के प्रति गहरी आस्था और भावनात्मक जुड़ाव दिखाई दिया। इस दौरान धाम परिसर में सामूहिक अर्जी लगाई गई और प्रेत दरबार का भी आयोजन किया गया।
नेपाल की त्रासदी पर जताया दुख
जापान यात्रा से भारत लौटे पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री को नेपाल में आई भीषण बाढ़ और विनाशकारी त्रासदी की जानकारी मिली। हजारों परिवारों के बेघर होने और कई लोगों के बाढ़ में बह जाने की खबर पर उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया।
मीडिया से चर्चा के दौरान पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान बागेश्वर बालाजी के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि हनुमान दादा सभी की रक्षा करें और इस आपदा से प्रभावित परिवारों को कठिन समय में संबल प्रदान करें।
नेपाल के बागेश्वर धाम मंडल से सेवा में जुटने की अपील
पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने नेपाल के बागेश्वर धाम मंडल से तत्काल सेवा कार्य में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में राहत एवं बचाव कार्य के साथ प्रभावित लोगों तक मेडिकल सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम से भी सेवा कार्य के लिए लोग नेपाल पहुंच रहे हैं।
उन्होंने भारत और नेपाल सरकार द्वारा किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की सफलता के लिए भी प्रार्थना की। पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में पूरा बागेश्वर परिवार नेपाल के पीड़ितों के साथ खड़ा है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।




