नई दिल्ली। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को कहा कि देश के ऊर्जा क्षेत्र में अगले दो दशकों के दौरान 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अवसर है। उन्होंने कहा कि इसे संभव बनाने के लिए सभी हितधारकों को मिलकर काम करना होगा।दो दिवसीय ‘ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम करना होगा।"
मनोहर लाल ने ऊर्जा क्षेत्र के विकास के लिए केंद्र और राज्यों के बीच आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नवीकरणीय ऊर्जा को शामिल करने और राष्ट्रीय ग्रिड को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा, "हमारी यात्रा के अगले चरण में हमें ऊर्जा क्षेत्र की योजना बनाने के लिए एक अधिक एकीकृत दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है, जहां बिजली उत्पादन, भंडारण, पारेषण (ट्रांसमिशन) और वितरण को एक ही प्रणाली के परस्पर जुड़े हिस्सों के रूप में देखा जाए।"
उन्होंने बताया कि राज्यों के साथ सहयोग और विद्युत मंत्रालय की पहलों के कारण, लंबे समय के बाद डिस्कॉम (बिजली वितरण कंपनियों) ने मुनाफा कमाना शुरू कर दिया है।
मनोहर लाल ने राज्यों और डिस्कॉम की सराहना की क्योंकि वित्त वर्ष 2024-25 में डिस्कॉम ने कुल मिलाकर सकारात्मक पीएटी (कर-पश्चात लाभ) दर्ज किया है।
उन्होंने कहा, "हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारे डिस्कॉम की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी रहे। साथ ही, नीति, संचालन और नियमों में ऐसे जरूरी बदलाव किए जाएं, जिससे यह सकारात्मक बदलाव आगे भी जारी रह सके।"
विद्युत राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाइक ने सम्मेलन में शामिल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अपने अनुभव साझा करने को कहा। इसमें योजनाओं को लागू करने में आने वाली कठिनाइयां, नियामक मुद्दे और ऐसे क्षेत्र शामिल हैं, जहां उन्हें केंद्र सरकार से और अधिक सहयोग या हस्तक्षेप की आवश्यकता हो सकती है।
नाइक ने कहा, "हमारा सामूहिक ध्यान नीति बनाने से आगे बढ़कर उसे प्रभावी ढंग से लागू करने, बुनियादी ढांचा तैयार करने से लेकर मापने योग्य परिणाम हासिल करने, और अलग-अलग प्रयासों के बजाय एक एकीकृत और टिकाऊ ऊर्जा क्षेत्र बनाने पर होना चाहिए।"
विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का मुख्य मार्गदर्शन यह है कि 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए, हमें केवल 'ऊर्जा सुरक्षा' से आगे बढ़कर 'पूर्ण ऊर्जा आत्मनिर्भरता' की ओर बढ़ना चाहिए।
उन्होंने बताया कि पिछला साल रिकॉर्ड वृद्धि वाला रहा है। भारत की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता अब लगभग 563 गीगावाट है, जिसमें से 55 प्रतिशत से अधिक हिस्सा गैर-जीवाश्म स्रोतों से आता है। पिछले 12 महीनों में लगभग 60 गीगावाट क्षमता जोड़ी गई है, जिसमें से 87 प्रतिशत हिस्सा गैर-जीवाश्म स्रोतों से प्राप्त हुआ है।

















