चलते ई-रिक्शा में मौत का तांडव: युवक को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही थमी सांसें

Advertisement
उमरिया,तपस गुप्ता। उमरिया जिले के पाली नगर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां चलते ई-रिक्शा में एक युवक को अचानक हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक रवि विश्वकर्मा उम्र करीब 35 वर्ष निवासी पाली प्रोजेक्ट बुधवार को अपने ई-रिक्शा से बाजार क्षेत्र आए हुए थे। इसी दौरान जब वे पाली के प्रकाश चौराहे के पास पहुंचे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। अटैक आते ही वह ई-रिक्शा में ही बेहोश होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने घटना देख तुरंत उन्हें पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है।
राजेश चंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी पाली युवक ई-रिक्शा चला रहा था। प्रकाश चौराहे के पास अचानक उसे अटैक आया, जिससे वह बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

