मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एक ओर प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में 11 हजार किलो घी में जहरीला सीसा (लेड) और 2 हजार किलो मिल्क केक के अवमानक व मिथ्या छाप होने की पुष्टि हुई है, वहीं दूसरी ओर जौरा स्थित एक डेयरी पर छापा मारकर करीब 70 किलो पनीर जब्त किया गया है।

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जौरा के पगारा रोड चौराहे स्थित नाध्या डेयरी पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 70 किलो पनीर और एक टीन रिफाइंड पामोलिन ऑयल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये है। विभाग ने पनीर, मिश्रित दूध और पामोलिन तेल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, दीपावली के समय भी इसी डेयरी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और उसका खाद्य रजिस्ट्रेशन निलंबित हुआ था, लेकिन इसके बावजूद संचालन जारी रहने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

दूसरी ओर, पूर्व में हुई कार्रवाइयों के दौरान जब्त सामग्री की जांच रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। अंबाह बायपास से जब्त करीब 2 हजार किलो मिल्क केक की रिपोर्ट में नमूना अवमानक और मिथ्या छाप पाया गया है, यानी वह गुणवत्ता व लेबलिंग मानकों पर खरा नहीं उतरा। वहीं, स्टेशन रोड पर पकड़े गए करीब 11 हजार किलो घी से भरे टैंकर की जांच में घी असुरक्षित मिला है और उसमें सीसा की मात्रा तय मानकों से अधिक पाई गई है। भारी धातु सीसा सेहत के लिए गंभीर खतरा माना जाता है।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और पूर्व में कार्रवाई झेल चुके कारोबारियों की निगरानी को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।