मुंबई। संजय मिश्रा और राजेश तैलंग अपनी फिल्म 'अर्जुन बेवकूफ' को लेकर चर्चा में हैं। इसका टीजर 26 सितंबर को प्रयागराज में लॉन्च किया गया। इस मौके पर भले ही दोनों कलाकार वहां मौजूद नहीं थे, लेकिन उन्होंने शहर और वहां के लोगों के लिए अपना खास लगाव जाहिर किया। संजय मिश्रा ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि फिल्म 'अर्जुन बेवकूफ' का सफर प्रयागराज से शुरू हो और वह खुद इस शुरुआत के गवाह बनें, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

संजय मिश्रा ने अपने बयान में अपनी एक पुरानी इच्छा का जिक्र करते हुए कहा, ''मेरी जिंदगी में एक इच्छा थी कि पहली बार जब मैं मुंबई में समुद्र देखूं, तो वह पल खास हो। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। वह इच्छा बस इच्छा ही रह गई और मैंने पहली बार समुद्र कन्याकुमारी में देखा। इसी तरह मेरी इच्छा थी कि 'अर्जुन बेवकूफ' का सफर प्रयागराज से शुरू हो और उस शुरुआत के समय मैं वहां मौजूद रहूं। लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो पाया।''

संजय ने फिल्म को सपोर्ट करने के लिए प्रयागराज और यहां के लोगों का शुक्रिया भी अदा किया। उन्होंने कहा, ''प्रयागराज के उन सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने 'अर्जुन बेवकूफ' को सपोर्ट किया है। बहुत-बहुत धन्यवाद। 'अर्जुन बेवकूफ' जिंदाबाद!''

वहीं, राजेश तैलंग ने भी प्रयागराज के प्रति अपना खास लगाव जाहिर किया। उन्होंने कहा, ''प्रयागराज ऐसी पवित्र धरती है। जब भी मैं यहां आता हूं, मुझे इस धरती का आशीर्वाद महसूस होता है और यहां के लोगों से हमेशा बहुत प्यार मिलता है। प्रयागराज के लोगों ने खुद प्रयागराज की मिट्टी पर एक बहुत प्यारी फिल्म बनाई है, जिसका नाम 'अर्जुन बेवकूफ' है।''

राजेश ने कहा, ''फिल्म का टीजर 26 सितंबर को प्रयागराज में लॉन्च किया गया था। हम भी फिल्म का छोटा-सा हिस्सा हैं, लेकिन शूटिंग में व्यस्त होने की वजह से टीजर लॉन्च में शामिल नहीं हो सके। इस बात का हमें अफसोस है, लेकिन जब भी फिल्म रिलीज होगी और भविष्य में फिल्म से जुड़ा कोई कार्यक्रम होगा, मैं जरूर आऊंगा। मुझे प्रयागराज आना हमेशा पसंद है। दर्शकों का फिल्म को इतना सपोर्ट देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।''

'अर्जुन बेवकूफ' एक ऐसी फिल्म बताई जा रही है, जिसमें क्राइम, सस्पेंस, डार्क और कॉमेडी का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म में संजय मिश्रा और राजेश तैलंग के साथ डॉली सिंह, आनंद राज, मालवी मल्होत्रा, जिगीशा जोशी, शिखर मिश्रा और सतेंद्र यादव भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन स्मिता सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी आनंद राज ने लिखी है।