पुणे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पुणे में एनएचईसी बहुराज्य सहकारी संस्था के भूमि पूजन समारोह में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी बयान देकर देश को लगातार बदनाम करने का काम कर रहे हैं।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस हार का फ्रस्ट्रेशन निकाल रही है। अभी दो दिन से कांग्रेस ने 'भारत समिट 2026' हैदराबाद में आयोजित किया है। देशभर में वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को भारत में बुलाया गया। कांग्रेस के 'राजकुमार' भी वहां गए। नाम भारत समिट रखा, लेकिन राहुल गांधी ने सम्मेलन में भारत विरोधी विचार व्यक्त कर पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम किया है। इसलिए जहां पर भी कांग्रेसी मिले तो उनसे पूछिए कि जब आपको 10 साल का मौका दिया गया था तो आपने क्या किया था। आपने 12 लाख करोड़ के घोटाले किए, इसलिए देश की जनता ने आपको नकार दिया। देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और सरकार के इन 12 साल में प्रधानमंत्री पर चार आने का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा।
उन्होंने कहा कि आज मैं उस भूमि पर हूं, जिन्होंने न केवल महाराष्ट्र , बल्कि पूरे देश में स्वराज की स्थापना और स्वराज की इच्छा दोनों को प्रस्थापित करने का काम किया। एक प्रकार से महाराष्ट्र भारत में सहकारिता की शुरुआत करने वाली पुण्य भूमि है। यहां पर पद्मश्री विठ्ठलराव पाटील, वैकुंठ भाई मेहता समेत कई महारथियों ने सहकारिता आंदोलन की स्थापना आजादी से पहले की। पूरे पश्चिम भारत में सहकारिता की गंगा जो बही, इसकी गंगोत्री पुणे और महाराष्ट्र हैं। इसलिए आज हम सब यहां इकट्ठा हुए हैं। मोदी जी ने 70 साल के बाद केंद्र में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की। कांग्रेस के जमाने में देशभर के किसान, ग्रामीण महिलाएं, दूध उत्पादक और कॉपरेटिव मूवमेंट के सभी कार्यकर्ता मांग करते थे कि केंद्र में एक सहकारिता मंत्रालय होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने उनकी एक न सुनी लेकिन मोदी सरकार आते ही सहकारिता मंत्रालय की स्थापना हुई।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि आज पैक्स भी मजबूत हो रहे हैं, जिला कक्षा की संस्थाएं और डेरी भी मजबूत हो रही हैं। आज जिस भूमि पर हम बैठे हैं, इस भूमि पर हमारे पूर्वजों ने चीनी मिल संयंत्र बनाने का एक बहुत बड़ा कारखाना डाला था, लेकिन कांग्रेस सरकार में धीरे-धीरे वो बंद हो गया। आज उस कारखाने का पुनर्निमाण भी उसी भूमि पर हो रहा है, यह हमारे लिए हर्ष की बात है। आज भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है। आजादी के आंदोलन के पहले भी अंग्रेजों के खिलाफ झारखंड की धरती पर भगवान बिरसा मुंडा ने आजादी की अलख जलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को आदिवासी गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय किया है। आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में प्रधानमंत्री मोदी ने एक कार्यक्रम किया है।
अमित शाह ने कहा कि आज सीआरसीएस का पश्चिमी कार्यालय हुआ है। आज ही के दिन पुणे में भारत टैक्सी का भी उद्घाटन हुआ है। देशभर में भारत टैक्सी चलेगी। कई टैक्सी कंपनियों ने सालों तक हमारे ड्राइवरों का शोषण किया, तब हमें कॉपरेटिव भारत टैक्सी का विचार किया। आज एनएचईसी का भूमि पूजन किया है। पहले एनएचईसी यहीं से चलती थीं, लेकिन कांग्रेस सरकार में ये बंद पड़ गई और 110 एकड़ भूमि अवैध कब्जे में फंसती जा रही थी लेकिन आज सहकारिता मंत्रालय ने भूमि पूजन कर इसकी शुरुआत की है। यहां पर जो कारखाना लगेगा, वो एक प्रकार से न केवल शुगर मिल बनाएगा, शुगर मिल के लिए पावर का संयत्र बनाएगा, इथेनॉल का संयंत्र बनाएगा, सीबीजी का संयंत्र बनाएगा, सारे डेरी के संयंत्र बनेंगे और विदेश में निकास के लिए कंटेनर निर्माण का काम भी यहीं पर शुरु होने वाला है। इसकी कमाई की एक-एक पाई कॉपरेटिव संस्थाओं के हाथ में जाएगी।













