वाराणसी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जुबानी हमला किया। उन्होंने उन पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने और सशस्त्र बलों का मनोबल कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनाधार लगातार घट रहा है और पार्टी नेतृत्व जनता का विश्वास खो चुका है।राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना देने पर तरुण चुग ने कहा कि उनका व्यवहार एक जिम्मेदार विपक्षी नेता जैसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मंदबुद्धि बालक की तरह व्यवहार कर रहे हैं और उनकी राजनीति अब जनता के बीच स्वीकार्य नहीं रह गई है। देशभर में कांग्रेस की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। कांग्रेस के पास न तो स्पष्ट नीयत बची है और न ही प्रभावी नेतृत्व।
कांग्रेस की तुलना एक एक्सपायर्ड इंजेक्शन से करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता खो चुकी है और राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार जनसमर्थन से दूर होती जा रही है। वह वर्षों से विदेशी ताकतों को खुश करने के लिए एक टूलकिट का हिस्सा बनकर काम कर रहे हैं। राहुल गांधी कभी देश के भीतर तो कभी विदेशों में भारत की छवि को धूमिल करने और देश की संस्थाओं को बदनाम करने वाले बयान देते रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी राहुल गांधी ने ऐसे बयान दिए, जो पाकिस्तान की सेना की भाषा से मेल खाते थे। राहुल गांधी ने उस समय भारत की उपलब्धियों और गौरव को कमतर दिखाने का प्रयास किया, जिससे देश की सशस्त्र सेनाओं का मनोबल प्रभावित करने की कोशिश हुई। राहुल गांधी लगातार ऐसे बयान देते रहे हैं, जिनसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि प्रभावित होती है। यह उनकी आदत बन चुकी है और वह बार-बार देश को बदनाम करने का प्रयास करते हैं।
तरुण चुग ने आगे कहा कि देश की जनता अब इस तरह की राजनीति को समझ चुकी है और कांग्रेस को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों में जनता का विश्वास बना हुआ है, जबकि कांग्रेस लगातार अपनी विश्वसनीयता खोती जा रही है।













