महाराजपुर(शिवम चौरसिया)। थाना गढ़ीमलहरा क्षेत्र के ग्राम कुर्राहा में रास्ते और दरवाजे को लेकर चल रहा विवाद अब उग्र रूप धारण कर चुका है। लुहार समाज के लोगों ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही रज्जू खां पुत्र लल्ले खां ने जबरन दीवार तोड़कर नया दरवाजा बना लिया, जिससे उनके आने-जाने का रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, पूर्व में तहसीलदार के आदेश पर यह दरवाजा बंद कराया गया था, लेकिन 18 फरवरी 2026 को आरोपी ने दोबारा दीवार तोड़कर दरवाजा खोल लिया। जब विरोध किया गया तो आरोपी ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़त पक्ष का कहना है कि इस घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है और शांति व्यवस्था बिगडऩे का खतरा मंडरा रहा है। लुहार समाज के सदस्यों ने पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि विवादित दरवाजा तुरंत बंद कराया जाए और उन्हें उचित पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

