सागर, स्वाति सोलंकी । रविवार सुबह सागर के तिलकगंज वार्ड स्थित श्री सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर परिसर में अचानक गहमागहमी का माहौल बन गया। 60-70 साल पुराने इस मंदिर के नए सिरे से हो रहे भव्य निर्माण कार्य पर रोक (स्टे) लगने की चर्चा जैसे ही सामने आई, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां जुटने लगे।

व्यापारी के नाम से फैली स्टे की अफवाह, पुलिस और जनप्रतिनिधि पहुंचे

मंदिर निर्माण पर स्टे की बात के साथ ही मंदिर के पीछे गोदाम संचालित करने वाले एक व्यापारी का नाम सामने आने की चर्चा फैली। इससे मोहल्लेवासियों का गुस्सा भड़क गया। भीड़ जमा होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के साथ विधायक शैलेंद्र कुमार जैन और पार्षद शैलेश केशरवानी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।

पार्षद बोले- मंदिर हमारी आस्था का केंद्र, स्टे का कोई दस्तावेज नहीं

वार्ड पार्षद शैलेश केशरवानी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर अत्यंत प्राचीन है और पूरा वार्ड उनका परिवार है। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्य पर स्टे लगने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि किसी के पास स्टे से संबंधित दस्तावेज हैं, तो वे सामने लाए जाएं।

विधायक शैलेंद्र जैन का आश्वासन, शिकायतों का बैठकर होगा समाधान

मामले की जानकारी लेते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि मंदिर निर्माण से जुड़ी कुछ शिकायतें ध्यान में आई थीं। उन्होंने सभी वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि किसी भी विवाद का हल सभी पक्षों को साथ बैठाकर निकाला जाएगा। विधायक ने दोहराया कि मंदिर का निर्माण कार्य जारी रहेगा और इसे भव्य रूप दिया जाएगा।