छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शंकरगढ़–खर्रोई मार्ग स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी के बड़े पुल पर सुरक्षा रेलिंग लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। यह कार्य भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह बघेल द्वारा दिए गए ज्ञापन के बाद नगर परिषद खजुराहो ने प्राथमिकता के आधार पर कराया।


बताया गया कि उक्त पुल पर लंबे समय से सुरक्षा रेलिंग की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। रेलिंग लगने से अब राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों सहित अन्य नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही संभावित सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।


इस जनहितकारी कार्य के पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। भाजपा मंडल अध्यक्ष गौरव सिंह बघेल ने इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के लिए विधायक अरविंद पटेरिया एवं नगर परिषद अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े जनहित के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।