सतना, अंबिका केशरी। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे सतना-जिगनहट मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतना की ओर वाले छोर पर बांस-बल्ली लगाकर अस्थाई बैरिकेडिंग की है। इसके बावजूद लोग नदी घाट तक पहुंच रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।


बताया जा रहा है कि इस मार्ग से करीब दो सैकड़ा गांवों के ग्रामीण सतना जिला मुख्यालय तक आवागमन करते हैं। रास्ता बंद होने से ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है, जिससे स्थिति गंभीर होती जा रही है।


सबसे चिंताजनक स्थिति नदी घाट पर बनी हुई है। मार्ग बंद होने के बावजूद कई लोग बढ़े जलस्तर के बीच नदी में नहाने के लिए घाट तक पहुंच रहे हैं। घाट पर अब तक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती नहीं होने से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी घाट पर तत्काल पुलिस या होमगार्ड जवानों की तैनाती करने, लोगों को नदी के पास जाने से रोकने और बैरिकेडिंग को मजबूत करने की मांग की है। साथ ही मार्ग पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने और ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है। तेज बहाव और अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए समय रहते प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है।