चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। चंदला थाना क्षेत्र के सिलगांव गांव के पास सड़क पर लटके घरेलू बिजली के तार की चपेट में आने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार बहनोई की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार बिलहरी निवासी रामकरण अपने बहनोई कमलू पाल निवासी सड़कर के साथ सिलगांव गांव में रिश्तेदारों से मिलकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिलगांव के पास सड़क पर लटका घरेलू बिजली का तार उनकी बाइक में उलझ गया, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलू पाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रामकरण को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर सड़क पर लटके बिजली के तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।