छतरपुर, संजय अवस्थी। शहर में बिजली व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर आरोप सामने आए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता रवि पाण्डेय ने सोशल मीडिया पर आई जानकारी का हवाला देते हुए विद्युत विभाग पर बड़े स्तर पर गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उनके अनुसार शहर में जो विद्युत शिफ्टिंग का काम हुआ था उसमें खंभे बीच सड़क पर लगा दिए गए जबकि किनारे पर लगे खंभों की कोई ठोस जानकारी विभाग के पास नहीं है। इस स्थिति से यह निष्कर्ष निकलता है कि मेंटिनेंस के नाम पर खंभे बेच दिए गए और उनका कोई लेखा-जोखा तक नहीं रखा गया।


बरसात के मौसम में आम नागरिकों को बिजली आपूर्ति में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खंभों पर घटिया गुणवत्ता के तार लगाए गए हैं और जो बॉक्स लगाए गए हैं वे लगभग सभी खराब हालत में हैं। मेंटिनेंस विभाग घटिया सामग्री खरीदकर वरिष्ठ अधिकारियों की मिलीभगत से उसे उच्च गुणवत्ता वाली बताकर पेश करता है। घटिया सामान की कीमत ज्यादा बताकर करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया जा रहा है।


यह भी पढि़ए: MP के जय मीणा ने रचा इतिहास:सॉफ्ट टेनिस में भारत को दिलाया पहला एशियन गेम्स मेडल; सेमीफाइनल में जीता कांस्य



रवि पाण्डेय ने साफ कहा है कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिला कलेक्टर को इस पूरे मामले में ज्ञापन सौंपा जाएगा और अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। उनके शब्दों में ऐसे लोग जो आम जनता और शासन दोनों को ठग रहे हैं उन्हें किसी भी हालत में बचने नहीं दिया जाना चाहिए। छतरपुर की बिजली व्यवस्था में व्याप्त इन अनियमितताओं पर अब प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर सवाल खड़े हो गए हैं।