लवकुशनगर (छतरपुर)। लवकुशनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत न्यायालय के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक 23 वर्षीय युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। सरेराह हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय केके गुप्ता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे पैसों के लेन-देन का पुराना विवाद बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, न्यायालय परिसर के पास पैसों की बात को लेकर केके गुप्ता का कुछ लोगों से विवाद हुआ। यह विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने धारदार हथियार से युवक का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या की वारदात के बाद लवकुशनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

