गुनौर, जितेन्द्र रजक। गुनौर क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। गैस लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एजेंसी के बाहर लंबी लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं। कड़ी धूप के बावजूद महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस वितरण में अनियमितता के चलते उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन दोपहर तक भी उनकी बारी नहीं आ पा रही। तेज धूप और गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों ने गैस एजेंसी संचालक पर मनमानी का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि एजेंसी परिसर में न तो छाया की कोई व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा, जिससे लाइन में खड़े लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को संभालने के लिए गुनौर पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडरों का वितरण कराया जा रहा है, ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस सिलेंडरों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और एजेंसी परिसर में छाया व पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराई जाए, ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।

