शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बागेश्वर महाराज को 'खुला निमंत्रण', धीरेन्द्र शास्त्री ने बिना नाम लिए 'गौ धर्मयुद्ध' को दिया समर्थन

Advertisement
वाराणसी/जौनपुर (रोहित पाठक)। वाराणसी की पावन नगरी में मौजूद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन धर्म और गौ रक्षा के मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़कर एक बड़ी राजनीतिक और धार्मिक हलचल शुरू कर दी है। जौनपुर में मौजूद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के 'गौ प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध' का शास्त्री ने बिना सीधा नाम लिए पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे उन तमाम संतों के साथ मजबूती से खड़े हैं जो गौ माता, मां गंगा और सनातन की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
बाबा बागेश्वर के इस रुख के बाद जौनपुर से शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का भी बड़ा रिएक्शन सामने आया। उन्होंने मीडिया के जरिए धीरेंद्र शास्त्री को 11 मार्च को लखनऊ में होने वाली विशाल 'धर्मयुद्ध सभा' के लिए खुला आमंत्रण भेज दिया है। शंकराचार्य ने कहा कि गौ माता के सम्मान की इस लड़ाई में साथ आने वाले हर सनातनी का स्वागत है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या 11 मार्च को लखनऊ के मंच पर ये दोनों दिग्गज एक साथ नजर आएंगे।
डोनाल्ड ट्रंप पर बाबा का प्रहार: 'विचलित' हैं अमेरिकी राष्ट्रपति
वैश्विक राजनीति पर बात करते हुए बाबा बागेश्वर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। उन्होंने ट्रंप को एक 'विचलित' व्यक्ति करार देते हुए कहा कि अमेरिका के सत्ताधीश का कोई भरोसा नहीं है। बाबा ने चुटकी लेते हुए कहा कि वे (ट्रंप) सुबह कुछ और कहते हैं और शाम को अपनी ही बात से पलट जाते हैं। उनके अनुसार, ऐसे अस्थिर नेतृत्व से वैश्विक संकट और गहरे होते हैं।
विश्व शांति का मार्ग: सनातन ही रोकेगा विनाशकारी युद्ध
दुनिया भर में जारी युद्धों और अशांति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारत को विश्व का एकमात्र सच्चा मार्गदर्शक बताया। उन्होंने अपील की कि आज दुनिया जिस विनाश की ओर बढ़ रही है, उसे केवल सनातन संस्कृति, एकता और प्रेम के जरिए ही रोका जा सकता है। शास्त्री ने जोर देकर कहा कि जब तक दुनिया भारतीय मूल्यों को नहीं अपनाएगी, तब तक युद्धों का अंत होना नामुमकिन है।


