नई दिल्ली, 10 नवंबर । विदेश मामलों के विशेषज्ञ डॉ. वाइल अव्वाद ने आईएएनस के खास बातचीत में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और भारत-बांग्लादेश के रिश्तों पर चर्चा की। उन्होंने शेख हसीना की भारत में मौजूदगी को एक बहुत ही संवेदनशील मुद्दा बताया।डॉ. वाइल ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच एक तरह का समझौता है। दोनों देशों के बीच कुछ हद तक प्रत्यर्पण से जुड़ी व्यवस्था या संधि मौजूद हैं। हालांकि, इसका यह मतलब बिल्कुल भी नहीं है कि भारत को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को बांग्लादेश भेज देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने भारत में कोई अपराध नहीं किया है।
डॉ. वाइल ने कहा कि वह अपने लिए क्षमादान (पार्डन) और पासपोर्ट की मांग कर रही हैं। कुछ लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर किसी व्यक्ति को पासपोर्ट मिल जाए तो वह अपने देश वापस जा सकता है, लेकिन बांग्लादेश सरकार की ओर से उन्हें पासपोर्ट या देश छोड़ने की जरूरी अनुमति नहीं दी गई। ऐसे में उनकी यात्रा की संभावना फिलहाल नजर नहीं आती।
उन्होंने कहा कि मेरे विचार से शेख हसीना अभी कुछ समय के लिए भारत में ही फंसी हुई हैं और वे यात्रा करने की स्थिति में नहीं हैं। साथ ही, बांग्लादेश को लेकर भारत की नीति को इस नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए कि दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को बनाए रखने के लिए भारत पर दबाव डाला जाए या शेख हसीना को बलि का बकरा बनाया जाए।
विशेषज्ञ डॉ. वाइल ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के संबंध ऐतिहासिक, रणनीतिक और लोगों के बीच गहरे जुड़ाव पर आधारित हैं। इसलिए ऐसे संवेदनशील मुद्दों का समाधान कानूनी प्रक्रियाओं, कूटनीतिक बातचीत और दोनों देशों के आपसी सम्मान को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।















