बमीठा, अशोक नामदेव। बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरगुवा हार में आकाशीय बिजली गिरने से एक चरवाहे की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बाहरपूरा निवासी ललतू पाल (62 वर्ष), पिता मंगल पाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार ललतू पाल गुरुवार को अपनी भैंस और बकरियां चराने के लिए पथरगुवा हार क्षेत्र में गए थे। शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान आसमान में तेज गर्जना और बिजली चमकने की घटनाएं भी हुईं। बारिश थमने के बाद पशु तो अपने आप घर लौट आए, लेकिन ललतू पाल वापस नहीं पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों को जब उनकी चिंता हुई तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। रात करीब 9 बजे ललतू पाल का शव पथरगुवा हार स्थित केन नदी के पास एक नाले के किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने की चपेट में आने से उनकी मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चंद्रनगर चौकी प्रभारी मोहर सिंह सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।














