नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम आते ही हमारी त्वचा और बालों से जुड़ी कई परेशानियां शुरू हो जाती हैं। त्वचा रूखी और बेजान दिखने लगती है। वहीं, होंठ फटने लगते हैं और बालों में रूखापन बढ़ने के साथ उनके झड़ने की समस्या भी बढ़ जाती है। ऐसे में लोग महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स और घरेलू नुस्खों का सहारा लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके भी त्वचा और बालों की अच्छी देखभाल की जा सकती है?
ठंड के मौसम में हवा में नमी कम हो जाती है, जिससे त्वचा की प्राकृतिक नमी प्रभावित होती है। इसके अलावा, बार-बार गर्म पानी से नहाना, कठोर साबुन का इस्तेमाल करना और मॉइस्चराइजर न लगाना भी रूखेपन की समस्या बढ़ा सकता है। इससे बचने के लिए नहाने के तुरंत बाद त्वचा पर मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए। इससे त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद मिलती है।
त्वचा की देखभाल के लिए नारियल तेल और मॉइस्चराइजर दोनों का इस्तेमाल किया जाता है। नारियल तेल त्वचा को मुलायम बनाने और नमी के नुकसान को कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, कुछ लोगों की त्वचा पर यह रोमछिद्र बंद कर सकता है। वहीं, मॉइस्चराइजर में मौजूद ग्लिसरीन, सेरामाइड और हायलुरोनिक एसिड जैसे तत्व त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करते हैं। अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार सही मॉइस्चराइजर चुनना भी जरूरी है।
सर्दियों में होंठों का फटना एक आम समस्या है। कई लोग बार-बार जीभ से होंठों को गीला करते हैं या दांतों से उनकी सूखी परत हटाने लगते हैं। इससे परेशानी और बढ़ सकती है। इसके अलावा, खुशबू वाले या जलन पैदा करने वाले लिप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल भी होंठों को परेशान कर सकता है। बेहतर होगा कि आप दिन में कई बार पेट्रोलियम जेली या बिना खुशबू वाला लिप बाम लगाएं।
ठंड के मौसम में स्कैल्प का रूखापन, गर्म पानी से बाल धोना और हीटिंग टूल्स का अधिक इस्तेमाल बालों को कमजोर बना सकता है। इसके अलावा, तनाव और पोषण की कमी भी बाल झड़ने की वजह हो सकती है। इसलिए हल्के शैम्पू का इस्तेमाल करें और बालों को बहुत गर्म पानी से धोने से बचें। गीले बालों को तौलिये से जोर-जोर से न रगड़ें। अपनी डाइट में प्रोटीन, विटामिन और अन्य जरूरी पोषक तत्व शामिल करें। अगर बाल लगातार या जरूरत से ज्यादा झड़ रहे हैं, तो त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

















