छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के महोबा रोड स्थित गुरुद्वारे के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे बस स्टैंड चौराहे पर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के बरद्वाहा गांव निवासी 32 वर्षीय लोकपाल सिंह घोषी, पिता परशराम घोषी, बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट के तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक की पहचान शहर के पाठापुर रोड निवासी काशीराम यादव के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। ऐसे में सरबजीत सिंह और उनके साथियों ने एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना घायल को अपनी बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में लोकपाल सिंह का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सरबजीत सिंह ने बताया कि समय खराब होता देख उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए स्वयं घायल को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद शहर में बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे ट्रैक्टरों का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बालू और अन्य सामग्री से भरे कई ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। लोगों ने ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ऐसे वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं कांग्रेस नेता अनीस खान ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस ट्रैक्टर चालकों से कथित "मंथली सुविधा शुल्क" लेकर बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों को शहर और जिले की सड़कों पर बेखौफ दौड़ने देती है। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




