नई दिल्ली। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया। टीम ने एकतरफा मुकाबले में हैदराबाद को 7 विकेट से हराया। जीत के बाद सूर्यकुमार ने अपने सोशल मीडिया पर एक आत्मविश्वास से भरी पोस्ट लिखी है।हैदराबाद के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलकर सूर्यकुमार ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की है। शनिवार को कोलकाता के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस के दूसरे ग्राउंड में खेले गए ग्रुप डी मुकाबले में मुंबई ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर मैच की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "मैदान अलग, काम वही। लड़कों के साथ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की अच्छी शुरुआत। आगे और ऊपर की ओर।"

36 वर्षीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनकी इस पारी की मदद से मुंबई ने हैदराबाद के 172 रनों के लक्ष्य को केवल 13.1 ओवर में हासिल कर लिया। उनकी पारी में पांच छक्के और छह चौके शामिल रहे और उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

सूर्यकुमार की इस पारी से पहले अंगकृष रघुवंशी (13 गेंदों में 27 रन) और हार्दिक तमोरे (16 गेंदों में 22 रन) ने अच्छी शुरुआत दी थी। हालांकि, मुंबई के कप्तान के क्रीज पर आते ही मैच का रुख पूरी तरह से बदल गया। उन्हें मुशीर खान के रूप में एक आक्रामक जोड़ीदार मिला, जिन्होंने 24 गेंदों पर 51 रन बनाए।

सूर्यकुमार ने 9वें ओवर में वेद रेड्डी के खिलाफ 22 रन बटोरे, और फिर अगले ओवर में प्रणव वर्मा के खिलाफ 24 रन बनाकर हैदराबाद के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

12वें ओवर में मुशीर आउट हो गए, लेकिन सूर्यकुमार ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। इसके बाद शिवम दुबे क्रीज पर उतरे और उन्होंने तेजी से मैच को खत्म किया। दुबे ने एक छक्के के साथ मुंबई की जीत पक्की की, जिससे टीम ने 41 गेंदें शेष रहते ही आसानी से मुकाबला जीत लिया।

यह मुकाबला सूर्यकुमार के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण था, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में घरेलू टी20 टूर्नामेंट के लिए मुंबई का कप्तान बनाया गया था।