हटा, सुदीप नगरिया। गैसाबाद में मुहर्रम का पर्व श्रद्धा, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मस्जिद से ताजिया जुलूस निकाला गया, जो बस स्टैंड होते हुए तिगड्डा पहुंचा। जुलूस में समाज के बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए तथा हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
तिगड्डा पर पारंपरिक कब्बली कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन के बाद धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को व्यारमा नदी में ठंडा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। आयोजन में अजीज खां, लल्लू खां, मगन शाह, यशीन खां, इदरीश खां, शाबिर शाह सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।

