जबलपुर के सिहोरा में तनाव: आरती-अजान के समय भीड़ ने मंदिर पर किया पथराव, विधायक के भाई सहित कई घायल

Advertisement
जबलपुर (सिहोरा)। जिले की सिहोरा तहसील के आजाद चौक में गुरुवार रात करीब 9 बजे सांप्रदायिक तनाव के बाद भारी हिंसा भड़क गई। मंदिर में आरती और मस्जिद में अजान के समय शुरू हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया। 50 से 70 लोगों की भीड़ ने दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की और जमकर पथराव किया। इस हिंसा में बहोरीबंद विधायक के भाई सहित कई लोग घायल हुए हैं। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
आरती के बीच मस्जिद से निकली भीड़, मंदिर में घुसने की कोशिश
घटना सिहोरा के वार्ड नंबर 5 की है। मंदिर समिति के सदस्य अंकेश गुप्ता के मुताबिक, रात में मंदिर में नियमित पूजा-आरती चल रही थी। तभी पास ही स्थित मस्जिद का गेट खुला और वहां से करीब 50-70 युवकों की भीड़ बाहर आई। आरोप है कि भीड़ ने मंदिर के सामने खड़े होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उपद्रवियों ने रामजी गुप्ता नामक व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी। करीब 10-15 लोगों ने जबरन मंदिर के भीतर घुसने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
'घसीटकर बाहर निकाला और 25 मिनट तक बरसाए पत्थर'
अंकेश गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि साकिर नाम के व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ उन्हें मंदिर के अंदर से घसीटकर बाहर निकाल दिया और उनके साथ मारपीट की। जैसे ही लोग अपने घरों की ओर लौटने लगे, मस्जिद की छत और आसपास की गलियों से अचानक पथराव शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मस्जिद में चल रहे निर्माण कार्य का मलबा और पत्थर वहां पहले से रखे थे, जिनका इस्तेमाल पथराव में किया गया। करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस पथराव में मंदिर के कांच टूट गए और बहोरीबंद विधायक के भाई प्रांजल पांडे के सिर पर पत्थर लगने से वे घायल हो गए।
12 थानों का बल तैनात, रात भर चलता रहा फ्लैग मार्च
वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सिहोरा, खितौला, गोसलपुर और पनागर सहित 12 से अधिक थानों की पुलिस ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने रात भर संवेदनशील इलाकों में गश्त और फ्लैग मार्च किया ताकि शांति बहाल हो सके।
सीसीटीवी फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान
एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और अब तक 15 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, "आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई होगी।" कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने क्षेत्र में शांति होने का दावा किया है, हालांकि एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल अब भी तैनात है।
फिलहाल, आजाद चौक क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


