छिंदवाड़ा में आवारा कुत्तों का आतंक मासूम बच्ची पर हमला, गंभीर रूप से घायल

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताज़ा मामला शहर के जनार्देव क्षेत्र से सामने आया है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक मासूम बच्ची पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनार्देव क्षेत्र निवासी रसिका डेहरिया अपने घर के पास दुकान से सामान लेने गई थी। इसी दौरान मोहल्ले में घूम रहे आवारा कुत्तों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्ची को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हालत में रोती हुई घर पहुंची।
घटना के बाद परिजन बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे एंटी-रेबीज के इंजेक्शन लगाए। फिलहाल बच्ची का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
गौरतलब है कि शहर में आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
