मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। कोतवाली थाना पुलिस से शिकायत करके लौट रहे फरियादी पक्ष पर बदमाशों ने थाने के सामने ही हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले कार से टक्कर मारी और इसके बाद बेसबॉल के बल्ले तथा नुकीले लाठी-डंडों से तीन लोगों के साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


जानकारी के अनुसार, फरियादी पक्ष के लोगों के साथ पहले इस्लामपुर क्षेत्र में मारपीट की गई थी। इसी मामले की शिकायत करने के लिए वे कोतवाली थाने पहुंचे थे। शिकायत के बाद जैसे ही फरियादी थाने से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपियों ने तीनों लोगों पर बेसबॉल के बल्ले और नुकीले लाठी-डंडों से हमला कर दिया।


यह भी पढि़ए: जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश के दौरान ग्रामीण की संदिग्ध मौत:परिजनों का पुलिस पर बर्बर पिटाई का आरोप, चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन अटैच



हमले में तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को गंभीर स्थिति के चलते ग्वालियर रेफर कर दिया।


घटना को लेकर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश एवं घटना की जांच शुरू कर दी है। थाने के सामने हुई इस वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।