बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह से नाराज पिता ने थाने के अंदर ही अपनी 19 वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना बदौसा थाना क्षेत्र की है।


जानकारी के अनुसार, इंद्रा कॉलोनी निवासी शिवानी चौहान का गांव के ही ललित वर्मा से पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ने 18 मई को घर से भागकर पहले मंदिर और बाद में रजिस्ट्रार कार्यालय में विवाह कर लिया था। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को दोनों को मध्यप्रदेश के सतना जिले से बरामद कर बदौसा थाने लाया गया।


थाने में पूछताछ के दौरान शिवानी और ललित ने अपनी मर्जी से शादी करने की बात कही तथा विवाह संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। पुलिस युवती के बयान और अन्य कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही थी। इसी बीच काउंसलिंग के दौरान युवती के पिता सत्यकुमार चौहान ने उसे पति को छोड़ने और समाज में हो रही बदनामी का हवाला देते हुए समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती अपने पति के साथ रहने की बात पर अड़ी रही।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान अचानक सत्यकुमार ने चाकू निकालकर बेटी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आरोपी को पकड़ लिया और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को अपनी आंखों के सामने देखकर युवती की मां बेहोश हो गई।


पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।