ग्वालियर। शहर के जेएएच परिसर स्थित हजार बिस्तर अस्पताल में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक सलवार-सूट पहनकर महिला के भेष में सर्जिकल वार्ड में पहुंच गया। बाद में खुलासा हुआ कि वह वही आरोपी है जिसने शनिवार-रविवार की रात एक मजदूर पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। घायल मजदूर की पत्नी ने आरोपी को उसकी चाल-ढाल और हाव-भाव से पहचान लिया तथा शोर मचा दिया। इसके बाद अस्पताल में मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


पुलिस के अनुसार हजीरा क्षेत्र के चार शहर का नाका निवासी 32 वर्षीय देवेन्द्र मौर्य मजदूरी का काम करता है। शनिवार रात काम खत्म होने के बाद उसका साथी पप्पू भदौरिया और धर्मेन्द्र भदौरिया से विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज के बाद देवेन्द्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके सीने, पेट, गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।


बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी धर्मेन्द्र भदौरिया को यह डर सताने लगा कि कहीं घायल की मौत न हो जाए। इसी वजह से वह पुलिस से बचने के लिए महिला का भेष बनाकर अस्पताल में देवेन्द्र की हालत जानने पहुंच गया। हालांकि घायल की पत्नी रचना मौर्य ने उसे पहचान लिया और हंगामा खड़ा कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।


कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि धर्मेन्द्र भदौरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी पप्पू भदौरिया फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वहीं घायल देवेन्द्र मौर्य का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।