बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। थाना क्षेत्र अंतर्गत केरबना चौकी के ग्राम सीगोन में एक 25 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सीगोन निवासी ओमकार सेन (25) ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजन रामकुमार सेन ने बताया कि ओमकार की शादी करीब छह माह पूर्व हुई थी और परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था। शनिवार रात वह खाना खाने के बाद सोने के लिए अपने कमरे में चला गया था। सुबह परिजनों को उसके फांसी पर लटके होने की जानकारी मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही केरबना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक की असमय मौत से परिवार एवं गांव में शोक की लहर है।

